राज्य के सभी सफाईकर्मियों का 50 लाख का बीमा होगा; कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 हुई

 झारखंड सरकार ने सफाईकर्मियों का 50 लाख रुपए का बीमा कराने का फैसला लिया है। जल्द ही उन्हें पीपीई किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। शनिवार को झारखंड में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। आज तीन नए मामले सामने आए। एक मरीज रांची के हिंदपीढ़ी, दूसरा हजारीबाग जबकि तीसरा मरीज गिरिडीह से है। इनमें से एक 6 अप्रैल को ही मुंबई से लौटा था। बाकी दो की हिस्ट्री पता की जा रही है। झारखंड में अब तक 1,681 संदिग्धों की जांच की जा चुकी है।



देवघर की सब्जी मंडियों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। प्रशासन लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग की अपील कर रहा।


सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे लोग


रांची सहित बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, गुमला, पलामू, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, गिरिडीह समेत अन्य जिलों में लॉकडाउन की जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नहीं दिख रहे हैं। सड़कों पर आमदिनों के मुकाबले भीड़ कम है लेकिन बाजारों और सड़कों की तस्वीरें अलग-अलग हकीकत बयां कर रही है। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन सख्ती बरत रहा है। रांची समेत अन्य जिलों में पुलिस सड़कों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर मौजूद है। वहीं प्रशासन की अपील है कि बेवजह घर से ना निकलें, इस महामारी को रोकना है तो सरकार के हर आदेश का पालन करें। लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुऐ घर में रहें, सुरक्षित रहें।


हिंदपीढ़ी 72 घंटे के लिए सील, फिर भी स्वास्थ्य मंत्री के साथ घूम रहे हैं यहां रहने वाले सचिव
राजधानी का हिंदपीढ़ी मोहल्ला पूरी तरह से लॉकडाउन है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के पीएस आशिफ इकराम भी हिंदपीढी में ही रहते हैं। लेकिन वे लॉकडाउन का पालन नहीं कर कार्यालय आते जाते हैं और मंत्री के साथ उनके कामों में भी हाथ बंटाते हैं। शुक्रवार को भी इकराम मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ रहे और उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थित थे। हिंदपीढ़ी क्षेत्र से 8 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद इस पूरे इलाके को कोरोना हॉट स्पॉट मानते हुए सील कर दिया गया है।


जमशेदपुर: विदेश व अन्य राज्यों से आए 3 हजार लोगों की तलाश
झारखंड में कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए राज्य सर्विलेंस विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला सर्विलांस विभाग को विदेश व ज्यादा प्रभावित राज्यों से आए तीन हजार लोगों की सूची भेजी है। सूची में नाम व पता दर्ज है। इस सूची में शामिल सभी लोगों की स्क्रीनिंग करने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. महेश्वर प्रसाद ने जिला सर्विलांस विभाग को इस सूची को थानावार भेजकर जानकारी हासिल करने का निर्देश दिया है। सीएस ने कहा कि शनिवार से लिस्ट में शामिल लोगों की खोज व सैंपल लेने का काम शुरू हो जाएगा।


धनबाद: अलग-अलग राज्यों में फंसे 1323 लोग, लौटने पर जांच होगी
लॉकडाउन के कारण यहां के 1323 लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हुए हैं। इनमें 200 महिलाएं भी शामिल हैं। ऐसे लोगों को लॉकडाउन समाप्त होने का इंतजार है, ताकि धनबाद लौट सके। सरकार के निर्देश पर ऐसे सभी लोगों की सूची नगर निगम ने 24 घंटे में तैयार की है। लॉकडाउन के बाद घर लौटने वाले सभी व्यक्तियों की कोरोना जांच की जाएगी। निगम के अफसरों ने बताया कि जिन घरों के लोग दूसरे प्रदेश में फंसे हुए हैं, उन्हें निगमकर्मियों का नंबर उपलब्ध करा अपील की गई गई है कि जैसे ही परिजन घर लौटे, उनकी सूचना तत्काल दें।


Popular posts
अब तक 8 हजार 453 केस: महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली में सबसे तेजी से बढ़ा संक्रमण; कश्मीर में निजामुद्दीन जाने की बात छिपाने पर केस दर्ज
Image
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- अगर सरकार ने समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए होते तो अब तक देश में संक्रमितों का आंकड़ा 45 हजार होता
तीन दिन बाद होटल के मलबे से निकले 10 शव, मरने वालों की संख्या हुई 20, जिंदा मां और बच्चे को 52 घंटे बाद रेस्क्यू किया
पूर्व क्रिकेटर अजहरुद्दीन पर ट्रैवल एजेंसी से 20 लाख रु. की धोखाधड़ी का आरोप, एफआईआर दर्ज
तख्तापलट की साजिश के आरोप में किंग सलमान के भाई और भतीजे समेत शाही परिवार के 3 सदस्य हिरासत में
Image